सरकाघाट (मंडी), 23 अप्रैल। कांग्रेस कमेटी के महासचिव पवन ठाकुर ने बुधवार को भदरोई में बीपीएमयू सरकाघाट के अंतर्गत आने वाली उप-परियोजना एफआईएस भदरोई में 430 मीटर लंबे फार्म एक्सेस रोड के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर विधिवत शुभारंभ किया। इस सड़क के लिए कुल 19,43,176 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
पवन ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि फार्म एक्सेस रोड के निर्माण से किसानों को अपने खेतों तक सुगम पहुंच उपलब्ध होगी, जिससे कृषि कार्यों में तेजी आएगी और समय व श्रम की बचत होगी। यह पहल क्षेत्र की कृषि उत्पादकता बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर बेसिक इंजीनियरिंग स्किल्स कैंप का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों को निर्माण कार्यों से जुड़ी मूलभूत तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही किसानों को जाईका की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत करवाया गया।
किसानों को सोलर फेंसिंग, फार्म मशीनरी और हल्दी (टर्मरिक) की खेती जैसी गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई, जिससे वे आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। पवन ठाकुर ने कहा कि इस प्रकार की विकासात्मक गतिविधियां क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ किसानों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर बीपीएम डॉ अश्वनी कुमार, एओ निशांत पराशर, एईओ अंकिता कुमारी, सीई शशि पाल शर्मा, जेई अश्वनी कुमार तथा सुपरवाइजर रोहित राणा सहित लगभग 40–45 किसान और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों एवं परियोजना अधिकारियों की भागीदारी रही।

0 Comments