चम्बा, 13 अप्रैल
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पाठानिया ने आज चंबा शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में जारी विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
विधायक नीरज नैय्यर इस दौरान विशेष रूप से उपस्थित रहे ।
विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान पुलिस मैदान वारगाह के जारी उन्नयन कार्यों तथा निर्माणाधीन इंडोर खेल स्टेडियम का निरीक्षण किया साथ में उन्होंने पुलिस लाइन में निर्माणाधीन विभिन्न विभागीय भवनों सहित जिला ट्रैफिक कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माणाधीन इंडोर खेल स्टेडियम के कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को पिछली ओर सुरक्षा प्रबंध सुदृढ़ करने एवं प्रभावी जल निकासी प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए ।
कुलदीप सिंह पठानिया ने इसके पश्चात ओल्ड शीतला ब्रिज के पुनर्स्थापन कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा शीतल पुल- कसाकड़ा मोहल्ला -मुख्य बाजार चंबा के तहत वाहनों का परिचालन पुनः आरंभ करने की मांग पर उन्होंने जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई को निर्देशित किया ।
विधानसभा अध्यक्ष ने इसके पश्चात निर्माणाधीन सुल्तानपुर हेलीपोर्ट का
मौके पर जाकर निरीक्षण किया।
अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ने प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि हेलीपोर्ट का अधिकांश कार्य संपूर्ण कर लिया गया है।
कुलदीप सिंह पठानिया ने विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के तहत संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला कृषि उपज एवं विपणन समिति अध्यक्ष ललित ठाकुर, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी सुरजीत भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति राजेश मोंगरा, लोक निर्माण जीत सिंह ठाकुर, विद्युत् बोर्ड राजीव ठाकुर,वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे ।

0 Comments