*हरोली मैदान रोड़ा को सजाने में जुटा प्रशासन, तैयारियों को मुकम्मल करने के लिए आपसी समन्वय से दे रहे व्यवस्थाओं को अंतिम रूप*
ऊना, 8 अप्रैल। राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 को लेकर हरोली–रामपुर पुल के समीप रोड़ा मैदान में तैयारियों ने ज़ोर पकड़ लिया है। चार दिवसीय इस भव्य आयोजन (11 से 14 अप्रैल) को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न करने के लिए सभी विभाग तेजी के साथ अपनी जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
एसडीएम हरोली एवं उत्सव संयोजक विशाला शर्मा ने बताया कि उत्सव स्थल को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के लिए मैदान में व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह, हरोली से उत्सव स्थल तक निकलने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियों ने भी रफ्तार पकड़ ली है।
*उपमुख्यमंत्री करेंगे विश्राम गृह का लोकार्पण*
उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 9 अप्रैल (वीरवार) को प्रातः 11 बजे जल शक्ति विभाग के नवनिर्मित विश्राम गृह का लोकार्पण करेंगे, जिसके बाद उत्सव तैयारियों को और गति मिलेगी। इसी प्रांगण से 11 अप्रैल को उत्सव स्थल हरोली मैदान, रोड़ा के लिए निकली जाने वाली भव्य शोभायात्रा का आगाज होगा।
*चार दिनों तक गूंजेंगे सुर — हिमाचली, पंजाबी और स्थानीय कलाकार सजाएँगे महफ़िलें*
उत्सव की सांस्कृतिक संध्याएँ इस वर्ष विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। चार दिनों तक ज़िला, प्रदेश व पंजाब के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। 11 अप्रैल की संध्या में पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार गिप्पी ग्रेवाल, 12 अप्रैल को जी. खान, 13 अप्रैल को हिमाचल के सुप्रसिद्ध कलाकार कुलदीप कुमार एवं अनुज शर्मा और 14 अप्रैल को गुलरेज़ अख़्तर एवं एमी विर्क राज्य स्तरीय हरोली उत्सव में अपने सुरों का जादू बिखेर कर लोगों का मनोरंजन करेंगे।
*ट्रेड फेयर और खेल प्रतियोगिताएं*
उत्सव के दौरान हरोली मैदान में ट्रेड फेयर आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्वयं सहायता समूहों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ यह आयोजन वैसाखी के आर्थिक और सामाजिक आयामों को भी मजबूती देगा।
इसके अलावा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। साथ ही, 14 अप्रैल को भव्य रोजगार मेले का भी आयोजन किया जा रहा है। इसमें ल्यूमिनस पॉवर एंड टेक्नोलॉजी लिमिटेड, लिवगार्ड पीर एंड एनर्जी लिमिटेड, स्विस गार्नियर लिमिटेड, नगाड़ा मल्टीप्लास्ट इंडस्ट्री, स्टैनफोर्ड लेबोरेटरीज, एनजीजी पॉवर टेक, सुरिये पोलेक्स, सुखजीत एग्रो इंडस्ट्रीज के अलावा 15 अन्य उद्योगों द्वारा युवाओं का चयन किया जाएगा।

0 Comments