टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के लॉन्च पर मीडिया कार्यशाला आयोजित
धर्मशाला, 24 मार्च: जनभागीदारी और जागरूकता से ही टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। यह अभियान तभी सफल होगा जब सभी विभाग, संस्थान और आमजन मिलकर इसके लिए सक्रिय सहयोग दें। ये विचार मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विवेक करोल ने जोनल अस्पताल धर्मशाला के सभागार में विश्व टीबी दिवस के उपलक्ष्य में टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के लॉन्च के अवसर पर आयोजित मीडिया कार्यशाला में व्यक्त किए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि एआई आधारित आकलन के माध्यम से जिले में 969 उच्च जोखिम वाले गांवों और वार्डों की पहचान की गई है, जहां लक्षित स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। अब तक संवेदनशील आबादी के 1 लाख 56 हजार लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जबकि शेष लोगों की जांच जारी है। जिले की 287 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है। वर्तमान में जिले में 400 से अधिक टीबी चैंपियन सक्रिय रूप से जागरूकता फैलाने में योगदान दे रहे हैं।
इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन के डाॅ. निकेत ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए 10 लक्षणों के आधार पर अपफ्रंट एनएएटी टेस्टिंग तथा संवेदनशील आबादी के लिए एक्स-रे आधारित जांच को प्रमुख रणनीति के रूप में अपनाया गया है। इसके साथ ही 100 प्रतिशत टीबी केस नोटिफिकेशन, संपर्क ट्रेसिंग तथा टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. आर.के. सूद ने बताया कि कांगड़ा जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के तहत जनभागीदारी आधारित माॅडल पर कार्य किया जा रहा है। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों और एनएएटी मशीनों के माध्यम से त्वरित जांच सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोषण युक्त आहार टीबी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में सहायक होता है।
इस अवसर पर टीबी जागरूकता एवं उन्मूलन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभिन्न संस्थानों और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा टीबी चैंपियन अंतिमा गुलरिया, नीना देवी और सुनील कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उपचार के बाद वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और अब अन्य लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यशाला में टीबी उन्मूलन के लिए संचालित गतिविधियों के साथ-साथ टीबी से जुड़ी भ्रांतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर दैनिक जागरण के संपादक नवनीत शर्मा, उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क रविंदर सहगल, पंजाब नेशनल बैंक के एजीएम भरत कैलाश चंद्र ठाकुर, एलडीएम रणवीर पृथ्वी, रेडक्राॅस के सचिव ओम प्रकाश शर्मा, रेडियो गुंजन के निदेशक विजय शर्मा सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकार प्रतिनिधि, निक्षय मित्र, टीबी चैंपियन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments