Ticker

6/recent/ticker-posts

ग्वालपत्थर में आयोजित किया आयुष ग्राम मेला, 509 लोगों के स्वास्थ्य की जांच



नादौन 31 मार्च। आयुष विभाग ने मंगलवार को ग्राम पंचायत ग्वालपत्थर में आयुष ग्राम मेला आयोजित किया, जिसमें एसडीएम निशांत शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

 इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि आयुर्वेद, योग और प्राणायाम जैसी प्राचीन भारतीय पद्धतियों को हम अपनी आम दिनचर्या में अपनाकर अपने आपको स्वस्थ रख सकते हैं। इसके लिए सभी लोगों को आयुष विभाग की ओर से प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने आयुष पत्रिका का विमोचन भी किया और गुग्गा मंदिर के परिसर में औषधीय पौधों का रोपण भी किया।
 इससे पहले, जिला आयुष अधिकारी डॉ. राजेश कालिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन बाला ने आयुष ग्राम कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया। डॉ. कमल भारद्वाज ने औषधीय पौधों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
 कार्यक्रम के दौरान लगाए गए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में लगभग 509 लोगों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त निःशुल्क औषधीय पौधों का वितरण किया गया तथा आयुर्वेद के अनुसार जीवन शैली अपनाने, रागी, बाजरा, जौ और अन्य मोटे अनाज तथा 'अपनी रसोई, अपना उपचार' से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई।
 कार्यक्रम में नादौन के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथी चंद और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। 

Post a Comment

0 Comments