Reckong Peo, February 16
उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा ने आज यहां उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण टास्क फोर्स समिति की बैठक ली।
उन्होंने बताया कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के कारण मृत्यु दर के आंकड़ों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है तथा वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा एचपीवी वैक्सीन निशुल्क उन युवतियों को लगाई जाएगी जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है और 15 वर्ष की आयु से कम हों।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास व ग्रामीण विकास एवं पंचायती विभाग से आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया ताकि लक्षित वर्ग को इस वैक्सीन के सकारात्मक पहलुओं पर जागरूक किया जा सके तथा अभिभावक-शिक्षक संवाद से एचपीवी टीकाकरण के लिए बालिकाओं को प्रेरित किया जा सके।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राकेश नेगी ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा वैक्सीन के लिए कोल्ड चेन प्रक्रिया व स्वास्थ्य कर्मियों की टीकाकरण दौरान नियुक्ति पर विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचने के लिए महिलाओं को अपनी नियमित जांच करवानी चाहिए तथा असुरक्षित यौन संबंधों से बचना चाहिए।
इसके उपरांत उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान जो 23 फरवरी से जिला में आरंभ होना है उसके संदर्भ में बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि निर्धारित तिथि पर कृमि नाशक दवाइयों से परजीवी कीड़ों को मारा जा सके तथा बच्चों को कुपोषण व एनीमिया से सुरक्षा कवच मिल सके। उन्होंने बताया कि इस दिवस पर एक वर्ष से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए का सिरप भी पिलाया जाएगा।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के डॉ अश्विनी नेगी, जिला आयुष अधिकारी डॉ प्रवीण शर्मा, जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह नेगी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीक्षक संजोक सिंह मेहता, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग अभिषेक शर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

0 Comments