शिमला। राज्य सभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट को हिमाचल प्रदेश के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा कि बजट में हिमाचल प्रदेश में पारिस्थितिक रूप से टिकाऊ पर्वतीय ट्रेल विकसित करने की योजना से कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जैसे पर्वतीय जिलों में विश्वस्तरीय ट्रैकिंग और लंबी पर्वतीय यात्राओं के लिए आधुनिक पर्यटन ढांचा तैयार होगा।
इंदु बाला गोस्वामी के अनुसार, इससे पर्यटन को नए पंख लगेंगे, नए ट्रैकिंग रूट विकसित होंगे और देश-विदेश के अधिक पर्यटक आकर्षित होंगे। परिणामस्वरूप राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और खुशहाली व आर्थिक प्रगति का नया युग शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से साल भर पर्यटकों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे होटल, टैक्सी, ट्रांसपोर्ट और अन्य संबद्ध उद्योगों को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बजट में घोषित ‘शी मार्ट (सेल्फ हेल्प एंटरप्रेन्योर)’ योजना का स्वागत करते हुए सांसद ने कहा कि इससे प्रदेश की महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए अलग प्लेटफॉर्म मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी और महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी। उन्होंने बताया कि कांगड़ा, चंबा, कुल्लू और जनजातीय क्षेत्रों में बनने वाले स्थानीय एवं ऊनी उत्पादों को विशिष्ट बाजार उपलब्ध होगा, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगी।
किसानों और बागवानों के लिए ‘भारत विस्तार AI एग्री टूल’ विकसित करने की घोषणा को उन्होंने हिमाचल जैसे कृषि प्रधान राज्य के लिए गेम चेंजर करार दिया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को मंडी के बिचौलियों से मुक्ति मिलेगी और उन्हें अपने उत्पादों के लाभकारी मूल्य सीधे प्राप्त होंगे।
सांसद ने बजट में प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल स्थापित करने की घोषणा का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रोजगार और शिक्षा के लिए जिला मुख्यालय आने वाली लड़कियों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती आवास सुविधा मिलेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां करियर एडवांसमेंट और उच्च शिक्षा के लिए बिना हिचक शहरों का रुख कर सकेंगी।
पशुपालन क्षेत्र में निजी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटर खोलने के लिए प्रोत्साहन योजना को भी उन्होंने सराहा। उन्होंने कहा कि इससे सुदूर, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में पशुपालकों की पशुधन स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं दूर होंगी और निजी क्षेत्र की भागीदारी से पशुओं को गुणवत्तापूर्ण देखभाल मिल सकेगी।
अंत में, इंदु बाला गोस्वामी ने बजट प्रावधानों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में तैयार यह बजट ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि बजट में समाज के हर वर्ग और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया गया है, जिसके लिए राष्ट्र उनका आभारी है।

0 Comments