हमीरपुर में स्वच्छता की अलख जगाएंगी महिलाएं
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के मद्देनजर नगर निगम ने दिया प्रशिक्षणहमीरपुर 20 जनवरी। नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा ने मंगलवार को यहां निगम के कार्यालय में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के संबंध में एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों के महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 की विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया। राकेश शर्मा ने कहा कि इस सर्वेक्षण में महिला स्वयं सहायता समूहों की बहुत बड़ी भूमिका रहेगी।
उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को कचरे की छंटाई और इसके सही निष्पादन के प्रति जागरुक एवं प्रेरित करें। आयुक्त ने कहा कि अगर गीला कचरा, सूखा कचरा और प्लास्टिक का कचरा घरों में ही अलग-अलग कर दिया जाए तथा इसे अलग-अलग ही घरों से एकत्रित किया जाए तो इससे कई समस्याएं दूर हो सकती हैं।
बैठक में अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद ने भी महिलाओं को स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान 'टोको और न माने तो रोको' की रणनीति पर कार्य करने की आवश्यकता है। यदि कोई भी व्यक्ति कूड़ा जहां-तहां फेंकता हुआ मिलता है या कचरा अलग-अलग नहीं देता तो उसे टोकना है और वह न माने तो उसे रोकना है। इस बैठक में नगर निगम क्षेत्र के लगभग 30 स्वयं सहायता समूहों की 60 महिलाओं ने भाग लिया। उन्हें स्वच्छता ऐप एवं स्वास्थ्य से संबंधित कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
0 Comments