Ticker

6/recent/ticker-posts

ऊना जिला के निजी स्कूलों की मान्यता व नवीनीकरण हेतु 15 मार्च तक करें ऑनलाइन आवेदन - सोमलाल धीमान

 

ऊना, 20 जनवरी। उप निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) ऊना द्वारा जिला ऊना के सभी निजी विद्यालयों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की मान्यता एवं नवीनीकरण प्रक्रिया से संबंधित शेड्यूल जारी कर दिया गया है।

उप निदेशक, ऊना सोमलाल धीमान ने बताया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम की धारा 2(एन) उपखंड (दो) व (चार) के तहत सभी निजी विद्यालयों के प्रबंधकों को प्रत्येक शैक्षणिक सत्र के आरंभ से कम से कम 15 दिन पूर्व निर्धारित प्रपत्र पर अपना स्व-घोषणा पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके लिए आवेदन ऑनलाइन माध्यम से 15 मार्च 2026 तक वेबसाइटhttps://emerginghimachal.hp.gov.in/  पर किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन निजी शिक्षण संस्थानों की मान्यता अवधि पाँच वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उन्हें नई मान्यता के लिए आवेदन करना होगा तथा आवश्यक दस्तावेजों सहित फाइल संबंधित कार्यालय में भी जमा करवानी होगी। निरीक्षण एवं मान्यता प्रदान करने कक्षा 1 से 8 तक 10 हज़ार रूपये, कक्षा 6 से 8 तक तक 5 हज़ार रूपये तथा वार्षिक नवीनीकरण शुल्क 500 रूपये ऑनलाइन माध्यम से सरकारी कोष में जमा करवाना होगा।
श्री धीमान ने बताया कि यदि कोई निजी विद्यालय बिना मान्यता प्राप्त किए अथवा मान्यता अस्वीकृत होने के बावजूद संचालित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 18(5) के अंतर्गत जुर्माने सहित कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
इसके अलावा उन्होंने सभी निजी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि धारा 12(1)(सी) के अंतर्गत गैर-सहायता प्राप्त निजी विद्यालयों में प्रवेश स्तर पर कुल संख्या के 25 प्रतिशत सीटें कमजोर वर्ग एवं वंचित समूह के बच्चों के लिए अनिवार्य रूप से आरक्षित रखा जाए। इसके लिए उचित व्यवस्था करना एवं व्यापक प्रचार-प्रसार करना विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी होगी। साथ ही विद्यालयों में योग्य अध्यापकों का चयन धारा 23(1) के तहत निर्धारित मानकों के अनुसार करने, विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षित भवन, अग्निशमन सुविधा, स्वच्छता तथा पर्याप्त संख्या में शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
उप निदेशक ने सभी निजी विद्यालय प्रबंधनों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का समयबद्ध पालन कर गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने में सहयोग करें।
-0-

जिला में पटवारियों के 20 पद सेवानिवृत्त अधिकारियों से भरे जाएंगे, 27 जनवरी तक कर सकते हैं आवेदन
ऊना, 20 जनवरी। उपायुक्त कार्यालय ऊना में राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारियों से 20 पद पटवारियों के पारिश्रमिक आधार पर भरे जाएंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि सेवानिवृत अधिकारी अपना आवेदन पात्र सभी अनिवार्य प्रमाण-पत्रों के साथ उपायुक्त कार्यालय के कमरा नं. 313 में 27 जनवरी सायं 3 बजे से पहले जमा करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन न पहुंचने की स्थिति में आवेदन अस्वीकार कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदकर्त्ता पदों से संबंधित नियम एवं शर्तें और आवेदन फॉर्म http://hpuna.nic.in  डाउनलोड कर सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि आवेदक द्वारा सेवानिवृत्ति से पहले हिमाचल प्रदेश के राजस्व विभाग के किसी भी विंग में न्यूनतम 5 वर्ष की सेवाएं प्रदान की हो तथा उनके खिलाफ कोई विभागीय/अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित नही होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आवेदक की आयु 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा पटवारी पद के लिए 40 हज़ार रूपये वेतन देय होगा। इच्छुक आवेदक इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए उपायुक्त कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर सम्पर्क कर सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments