*0–5 वर्ष आयु वर्ग के 11,324 बच्चों को दी जाएगी पोलियो की खुराक : केवल सिंह पठानिया*
शाहपुर, 21 दिसम्बर
शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्राइमरी हेल्थ सेंटर चढ़ी में ब्लॉक स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाकर किया।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि आज पूरे प्रदेश में एक साथ पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 11,324 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए क्षेत्र में 102 बूथ स्थापित किए गए हैं तथा 204 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 408 टीम सदस्य और 20 सुपरवाइजर शामिल हैं।
उपमुख्य सचेतक ने बच्चों के अभिभावकों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश कोई अभिभावक अपने बच्चे को निर्धारित दिन पर खुराक नहीं दिला पाता है, तो अभियान के दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर 30,521 घरों का सर्वे करेंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि 0–5 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा पोलियो खुराक से वंचित न रहे।
उन्होंने अभियान में लगे सभी स्वास्थ्य कर्मियों और स्टाफ से सेवा एवं समर्पण भाव से कार्य करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर शाहपुर की खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कविता ठाकुर ने उपमुख्य सचेतक का स्वागत किया और अभियान की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में सीएमओ कांगड़ा डॉ विवेक करोल,पीएचसी चढ़ी के चिकित्सक, अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी तथा अभियान में शामिल सभी टीम सदस्य उपस्थित रहे।

0 Comments