वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षण संस्थानों में भरे 6 हज़ार पद : रोहित ठाकुर
जिला स्तरीय 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, होमगार्ड, वनमित्र तथा एनसीसी की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह से पूर्व शिक्षा मंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह पावन अवसर हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सैनिकों और राष्ट्रनिर्माताओं को स्मरण करने का है, जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के गठन के समय गरीबी और संसाधनों की कमी जैसी चुनौतियों को पार करते हुए आज प्रदेशवासी मेहनत और ईमानदारी के बल पर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में 6 हज़ार पद भरे गए, जिनमें 4 हज़ार पद बैच के आधार पर, 484 पद सहायक प्रोफेसर तथा 685 पीजीटी के पद शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 3100 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 937 टीजीटी पदों की भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके अतिरिक्त सीएंडवी तथा जेवीटी पदों की भर्ती भी शीघ्र शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में आधुनिकीकरण और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम ज़मीनी स्तर पर दिखाई दे रहे हैं। एनएएस 2025 सर्वेक्षण के अनुसार भी हिमाचल की राष्ट्रीय समग्र रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश 21वें से बढ़कर पाँचवें स्थान पर पहुँचा है। असर रिपोर्ट (जनवरी 2025) में भी हिमाचल के बच्चों का पढ़ाई स्तर पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ आंका गया है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकार ने पहली कक्षा से अंग्रेज़ी माध्यम प्रारंभ किया है, विद्यालयों के क्लस्टर बनाए हैं ताकि शिक्षक-छात्र अनुपात सुधरे और अधोसंरचना का बेहतर उपयोग हो। पहली से बारहवीं कक्षा तक के सभी शिक्षण संस्थानों को एकीकृत करने के लिए एक स्कूली शिक्षा निदेशालय स्थापित किया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से बिलासपुर में भी जल्द निर्माण होगा। शिक्षण संस्थानों में एआई और डेटा साइंस जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, जबकि जमा दो स्तर पर बागवानी को एड-ऑन विषय के रूप में जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि नशा निवारण सरकार की प्राथमिकता में है और PIT NDPS एक्ट को कड़ाई से लागू किया गया है। प्रदेश की 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती है, इसलिए किसानों और बागवानों की आर्थिकी सुदृढ़ करने के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार ने प्राकृतिक पद्धति से उगाई गई मक्की के लिए 40 रुपये, गेहूं के लिए 60 रुपये और कच्ची हल्दी के लिए 90 रुपये प्रति किलो न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया है।
हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने दूध खरीद पर समर्थन मूल्य दिया है—गाय के दूध पर 51 रुपये और भैंस के दूध पर 61 रुपये प्रति लीटर। सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को घर-द्वार तक पहुँचाने और उनके आधुनिकीकरण व गुणवत्ता सुधार पर विशेष ध्यान दे रही है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिलासपुर अपनी लोक संस्कृति और परंपरा के लिए पूरे प्रदेश में विशेष पहचान रखता है। यहां के वीर सपूतों ने न केवल स्वतंत्रता संग्राम में बल्कि देश की सुरक्षा में भी अदम्य साहस का परिचय दिया है।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें स्वतंत्रता सेनानी सहज राम, स्वतंत्रता सेनानी संगठन अध्यक्ष प्रेमी देवी, स्वतंत्रता सेनानी छोटा राम की पत्नी प्रेमी, स्वतंत्रता सेनानी देवी राम के सुपुत्र प्रेमलाल, स्वतंत्रता सेनानी गांधी राम के सुपुत्र राजकुमार को भी सम्मानित किया इसके अतिरिक्त पूर्व सैनिक कल्याण समिति अध्यक्ष अमरनाथ धीमान, के.के. फाउंडेशन अध्यक्ष के.के. कश्यप, किक बॉक्सिंग खिलाड़ी अखिल कुमार, गोवंश सेवा में योगदान देने वाले सुनील कुमार, आराधना स्वयं सहायता समूह अध्यक्ष वंदना कुमारी, नेहा मानव समिति सदस्य पवन बरुर, थाईलैंड में आयोजित अंडर-16 पुरुष वॉलीबॉल चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता शब्द गौतम, चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्फबॉल चैंपियनशिप प्रतिभागी रिद्धिमा जसवाल, 150 से अधिक बार रक्तदान करने वाले सुशील पुंडीर, मोक्ष धाम में निःशुल्क लकड़ी उपलब्ध करवाने वाले समाजसेवी राजकुमार सोनी, दंत चिकित्सक प्रशांत अचार्य, उपायुक्त कार्यालय के संदीप ठाकुर, रवि कुमार, सुरेंद्र कुमार, फोरमैन मस्तराम चौधरी, फोरमैन सुखराम ठाकुर, दिनेश कुमार, नगर परिषद बिलासपुर के जेई मोहित शर्मा, कनिष्ठ सहायक वासुदेव शर्मा, सहायक उप-निरीक्षक दिनेश कुमार व संतोष कुमार, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार, सतीश कुमार, केवल ठाकुर, संजिव संतराम, मंगल सिंह, महिला आरक्षी अनिता कुमारी, उपायुक्त कार्यालय की अमरजीत कौर, नगर परिषद बिलासपुर के दीपक कुमार, सरोज, उदय सिंह, आदर्श कल्याण, चेतन राजकुमार, मोहित कुमार (सफाई कर्मचारी) शामिल हैं।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बांदला के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति समूहगान, जेएनवी कोठीपुरा की छात्राओं ने हरियाणवी लोकनृत्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर के छात्रों ने भांगड़ा, बिलासपुर कॉलेज के छात्रों ने बिलासपुरी लोकनृत्य और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्रा) बिलासपुर की छात्राओं ने पंजाबी गिद्दा प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विधायक रणधीर शर्मा, विधायक जीत राम कटवाल, विधायक त्रिलोक जमवाल, पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, तिलक राज शर्मा, वीरू राम, किशोर, उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अध्यक्ष जिला परिषद विमला देवी, अध्यक्ष नगर परिषद बिलासपुर कमल गौतम, हिमुडा बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स सदस्य जितेंद्र चंदेल, निदेशक सहकारी बैंक सुनील शर्मा, पूर्व कांग्रेस महासचिव विवेक कुमार, सदस्य जिला बाल कल्याण समिति तृप्ता ठाकुर, बोर्ड सदस्य एचआरटीसी संदीप संख्यान, जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा, जिले के विभिन्न शहीद परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।

0 Comments