Ticker

6/recent/ticker-posts

कृषि विज्ञान केंद्र चंबा के तत्वावधान में कृषि संकल्प अभियान का होगा आयोजन


29 मई से 12 जून तक  आयोजित  होंगे जागरूकता कार्यक्रम

किसानों को  आधुनिक कृषि तकनीक एवं उन्नत बीजों  की मिलेगी जानकारी


चंबा, मई 28

कृषि विज्ञान केंद्र चंबा  (केवीके) के  तत्वावधान में 29 मई से 12 जून तक ज़िला में विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन किया  जा रहा है। 
कृषि विज्ञान केंद्र चंबा के प्रभारी एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. धर्मेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं उन्नत बीजों के प्रयोग  की जानकारी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि  किसानों को खरीफ फसल सीजन के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन 29 मई से 12 जून  तक किया जाएगा। अभियान  में कृषि विभाग, बागवानी विभाग, मत्स्य पालन विभाग, पशुपालन विभाग, आत्मा परियोजना सहित  संबंधित विभागों के विशेषज्ञ अधिकारी शामिल होंगे।
डॉ. धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में  जनजातीय विकासखंड पांगी को छोड़कर 200 के करीब गांव में   जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। 
उन्होंने बताया कि  अभियान के निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र चंबा  द्वारा  तीन टीमों का गठन किया गया है। इनमें से एक टीम का वह स्वयं नेतृत्व करेंगे तथा केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. केहर सिंह ठाकुर एवं   वैज्ञानिक-डॉ. सुशील धीमान  के नेतृत्व में दो अलग  टीमें किसानों के साथ सीधा संवाद करेंगी। 
डॉ. धर्मेन्द्र कुमार ने  यह भी बताया कि   जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए  पंजुंगला (कीड़ी), वन वन्धु (मैहला), होली वैली (होली) जैसे किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) और सेवा, पहाड़, सुविधा जैसे स्थानीय गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) को भी अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा । 
उन्होंने जिला के सभी किसानों से आग्रह किया है कि  वे इस अभियान के दौरान स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अवश्य भाग   लेकर नवउन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी का लाभ प्राप्त करें।

Post a Comment

0 Comments