कुल्लू, 25 अगस्त : मेरा युवा भारत (माय भारत), कुल्लू की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र, बजौरा में आयोजित तीन दिवसीय फ्यूचर यूथ लीडर्स लीडरशिप बूट कैंप के दूसरे दिन युवाओं को आपदा प्रबंधन, बचाव कार्यों, करियर निर्माण और कौशल विकास के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से आए नेशनल यूथ वालंटियर्स और युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दिन की शुरुआत योग एवं ध्यान सत्र से हुई। बीके कृष्णा, बीके चंद्रा दीदी और बीके श्याम ने प्रतिभागियों को योग एवं ध्यान का अभ्यास करवाया। उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से राकेश कुमार ने युवाओं को आपदा से पूर्व तैयारियों, आपदा के दौरान सुरक्षा उपायों तथा बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में सतर्कता, त्वरित निर्णय और टीम भावना महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हिमाचल होमगार्ड के कमल भंडारी और उनकी टीम ने प्रतिभागियों को राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। युवाओं ने विभिन्न प्रायोगिक अभ्यासों में भाग लेकर बचाव तकनीक, त्वरित प्रतिक्रिया और टीमवर्क के गुर सीखे।
इसके बाद "करियर तैयारी एवं मार्गदर्शन"सत्र में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कुल्लू के प्रधानाचार्य सुरेंद्र शर्मा ने युवाओं को करियर निर्माण, कौशल विकास, रोजगार के अवसर और व्यक्तित्व विकास के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने तथा निरंतर नए कौशल सीखने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में नेशनल यूथ वालंटियर्स लक्ष्मी कश्यप, तनुजा, किरण और निहाल सहित अन्य युवा स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं ने नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े महत्वपूर्ण कौशल अर्जित किए।
जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि तीन दिवसीय लीडरशिप बूट कैंप युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कैंप के माध्यम से युवाओं को भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा रहा है।

0 Comments