ऊना, 3 अगस्त. जिला श्रम कल्याण अधिकारी, ऊना अमन शर्मा ने जिले के पंजीकृत एवं पात्र निर्माण श्रमिकों से ई-श्रम पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण से श्रमिकों का राष्ट्रीय स्तर पर डाटा तैयार होगा, जिससे भविष्य में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि निर्माण श्रमिक अपने नजदीकी लोकमित्र केंद्र अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में जाकर ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा बैंक पासबुक अथवा बैंक खाते का विवरण (खाता संख्या एवं आईएफएससी कोड) साथ ले जाना आवश्यक है।
अमन शर्मा ने बताया कि लोकमित्र केंद्र में आधार प्रमाणीकरण (ओटीपी अथवा बायोमैट्रिक) के उपरांत श्रमिक का पंजीकरण किया जाएगा तथा उसे 12 अंकों का यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) जारी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड, जिला ऊना के कार्यालय में कार्य दिवसों के दौरान पंजीकृत निर्माण कामगारों की ई-केवाईसी भी निःशुल्क की जा रही है, ताकि बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।
उन्होंने जिले के सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने तथा अपने आसपास के अन्य पात्र निर्माण कामगारों को भी ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण एवं ई-केवाईसी के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

0 Comments