सीएमओ ने 14-15 वर्ष आयु वर्ग की अन्य लड़कियों और उनके अभिभावकों से भी विशेष अपील
हमीरपुर 24 अगस्त। 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाने के लिए आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए अब जिला हमीरपुर में स्कूल स्तर पर विशेष रूप से फोकस किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने बताया कि इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है तथा प्रत्येक स्कूल में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों और उनके परिजनों को जागरुक करने तथा टीकाकरण के लिए प्रेरित करने हेतु शिक्षक-अभिभावक बैठकें आयोजित करने का आग्रह भी किया गया है। जिला के सभी छह स्वास्थ्य खंडों के खंड चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने खंडों के स्कूलों में आवश्यकतानुसार टीकाकरण सत्र आयोजित की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभी तक जिला में 1550 लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन के टीके लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं में बार-बार इनफेक्शन के कारण सर्विकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। सर्विकल कैंसर की शिकार लगभग 99.7 प्रतिशत महिलाओं में इसका कारण लंबे समय तक इनफेक्शन होना ही है। एक अध्ययन के अनुसार एक लाख महिलाओं में लगभग 14 महिलाएं इससे ग्रस्त पाई जाती हैं। महिलाओं में ब्रैस्ट कैंसर के बाद सर्विकल कैंसर सबसे ज्यादा पाया गया है। इस गंभीर रोग से बचाव के लिए ही एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान आरंभ किया गया है। यह टीका 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को भविष्य में सर्विकल कैंसर से बचाएगा। उन्होंने उक्त आयु वर्ग की सभी लड़कियों और उनके अभिभावकों से टीकाकरण अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने में अपना योगदान देने की अपील भी की है।

0 Comments